• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Skip to primary sidebar

HindiFinance.com

आपका पर्सनल फाइनेंस ब्लॉग आसान हिंदी में




  • Life Insurance
  • Mutual Funds
  • Financial Planning
  • NPS
  • PPF
  • Tax Planning
  • Aadhaar
  • LIC
  • Loans

Loans

Follow @hindifinance

कैसे Whatsapp पर सिबिल स्कोर फ्री में चेक करें? (Free CIBIL Score using Whatsapp)

by दीपेश 6 Comments

आपका क्रेडिट स्कोर आपकी लोन भुगतान की क्षमता और इच्छा का एक मापदंड है।

आपके क्रेडिट या सिबिल स्कोर (Credit Score/CIBIL Score) जितना अधिक होगा, बैंक आपको उतना ही अच्छा उधारकर्ता मानेंगे और और लोन देने के इच्छुक रहेंगे। अच्छे क्रेडिट स्कोर के साथ आपके लोन पास होने की संभावना बढती जाती है|

अगर क्रेडिट स्कोर कम होगा, तो आपको लोन या क्रेडिट कार्ड लेने में परेशानी हो सकती है|

इसिलए मैं सुझाव देता हूँ की समय-समय पर अपना क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहे| आप मुफ्त में अपना क्रेडिट स्कोर ऑनलाइन चेक कर सकते हैं| ऐसा करने के लिए आपको क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट पर जाना होगा| जैसे की, CIBIL एक क्रेडिट ब्यूरो है और आप CIBIL की वेबसाइट पर जा कर अपना क्रेडिट स्कोर चेक कर सकते हैं|

अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है या आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में कोई त्रुटी है, तो आप अपना क्रेडिट स्कोर सुधारने की कोशिश कर सकते हैं|

साथ ही कुछ अन्य कंपनी भी हैं जो आपको मुफ्त में आपका क्रेडिट स्कोर उपलब्ध कराती हैं| इन कंपनी में किसी क्रेडिट ब्यूरो से टाई-उप किया है|

आपको क्रेडिट स्कोर जानने के लिए अपने कंप्यूटर या मोबाइल के web browser पर जाना होगा और वहां से विभिन्न वेबसाइट पर|

अगर मैं आपसे कहूं की आप Whatsapp पर अपना CIBIL स्कोर फ्री में पा सकते हैं, तो आपको कैसा लगेगा|

जी हाँ, अब आप अपना क्रेडिट स्कोर फ्री में फटाफट Whatsapp के द्वारा पा सकते हैं|

यह सुविधा WishFin नामक एक निजी कंपनी ने शुरू करी है| विशफिन CIBIL का official partner है|

कैसे चेक करें व्हाट्सएप के माध्यम से अपना क्रेडिट स्कोर? (How to check Credit Score through Whatsapp?)

#1 8287 151 151 पर missed call दें।

#2 आपके पास Whatsapp पर message आएगा और आपसे एक-एक करके कुछ जानकारी मांगी जायेगी|

#3 आपको अपनी जानकारी डालनी होगी| आपको नाम, लिंग, जन्मतिथि, पैन, आवासीय पता और ई-मेल आईडी डालने को कहा जाएगा।

मेरे अनुसार यह जानकारी CIBIL के डेटाबेस की जानकारी के साथ मिलनी चाहिए। CIBIL के पास वह जानकारी होगी जो की आपने लोन या क्रेडिट कार्ड लेते समय बैंक को दी होगी|

#4 आपको अपने मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एक OTP (One-Time password) प्राप्त होगा।

#5  OTP डालकर आप अपना CIBIL स्कोर चेक कर सकते हैं|

Whatsapp पर आप केवल क्रेडिट स्कोर चेक कर सकते हैं| विस्तृत क्रेडिट रिपोर्ट के लिए आपको विशफिन वेबसाइट पर रजिस्टर करना होगा।

अगर आप missed call नहीं देना चाहते, तो आप विशफिन वेबसाइट पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद की प्रक्रिया ऊपर जैसी ही है|

download free cibil score whatsapp

विशफिन (WishFin) आपको फ्री में CIBIL score क्यों देता है?

विशफिन को आपके कांटेक्ट डिटेल्स (contact details) मिल जाते हैं और इस जानकारी के इस्तेमाल करके आपको दूसरे उत्पाद बेचने के लिए आपको संपर्क कर सकता है|

अगर आप अपना क्रेडिट स्कोर चेक कर रहे हैं, तो इस बात की अच्छी संभावना है की आप किसी लोन या क्रेडिट कार्ड की तलाश में हैं| विशफिन भी यह बात जानता है|

हो सकता है की आपकी जानकारी बैंक इत्यादि को पास करी जाए और वह आपसे संपर्क करें|

क्या आपको इस सुविधा का उपयोग करना चाहिए?

आपकी मर्ज़ी।

व्हाट्सएप पर अपना CIBIL स्कोर डाउनलोड करना सुविधाजनक है। परन्तु क्रेडिट स्कोर डाउनलोड करने के और भी तरीके हैं।

आप क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट से भी मुफ्त क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड कर सकते हैं। मैं ऐसा ही करता हूँ|

CIBIL स्कोर के बारे में अन्य पोस्ट

खराब क्रेडिट स्कोर के बावजूद ले सकते हैं आप यह 6 लोन

CIBIL score (सिबिल स्कोर) क्या है? कैसे CIBIL स्कोर आपके लोन एप्लीकेशन की मंज़ूरी को प्रभावित करता है?

कैसे सुधारें अपने क्रेडिट स्कोर को? (How to improve your credit score?)

डाउनलोड करिए अपनी क्रेडिट रिपोर्ट (CIBIL report) मुफ्त में (How to download free credit report?)

 

Filed Under: Loans Tagged With: सिबिल स्कोर Whatsapp, सिबिल स्कोर चेक, सिबिल स्कोर फ्री

अपने म्यूच्यूअल फण्ड निवेश की सहायता से भी लोन ले सकते हैं (Loan against Mutual Funds)

by दीपेश Leave a Comment

अगर आपको अर्जेंट लोन चाहिए, तो आपके कुछ सीमित विकल्प ही होते हैं|

आप पर्सनल लोन ले सकते हैं| गोल्ड लोन ले सकते हैं| इंश्योरेंस पालिसी से लोन ले सकते हैं या पीपीएफ खाते से भी लोन ले सकते हैं|

यह लोन जल्दी मिल तो जाते हैं परन्तु कुछ परेशानी रहती है|

पर्सनल लोन में आपके लोन के चुकाने की क्षमता को देखा जाता है| आपका क्रेडिट स्कोर भी देखा जाता है| अगर क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है, तो पर्सनल लोन को भूल ही जाईये|

गोल्ड लोन में आपके पास पर्याप्त मात्र में सोने के आभूषण होने चाहिए| हर प्रकार की इंश्योरेंस पालिसी से लोन नहीं मिलता और केवल सरेंडर मूल्य की 80-90% राशि तक का लोन ही मिलता है| पीपीएफ खाते से लोन लेने की भी एक समय सीमा है, 6 वर्ष समाप्त होने के बाद आप पीपीएफ खाते से लोन नहीं ले सकते|

ध्यान दें गोल्ड लोन तो आप बहुत जल्दी मिलने की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन पर्सनल लोन, इंश्योरेंस पालिसी लोन या पीपीएफ लोन मिलने में समय लग सकता है|

आपको देखना होगा की आपके लिए ऊपर दिए गए लोन विकल्पों में से कुछ काम करेगा या नहीं|

इन सभी विकल्पों के अलावा अभी एक और विकल्प है| अगर आप म्यूच्यूअल फण्ड में निवेश करते हैं, तो अपने म्यूच्यूअल फण्ड निवेश को प्लेज (pledge) करके भी लोन ले सकते हैं|

आप शेयर के साथ भी यह कर सकते हैं| परन्तु इस पोस्ट में मैं म्यूच्यूअल फण्ड से मिलने वाले लोन के बारे में चर्चा करूंगा|

म्यूच्यूअल फण्ड निवेश से लोन कैसे लें?

हालांकि अमूमन म्यूच्यूअल फण्ड से लोन लेने में भी समय लगता है| परन्तु यह समय सीमा धीरे-धीरे कम होती जा रही है|

कुछ समय पहले  HDFC Bank में एक सुविधा शुरू करी है जहाँ आप कुछ मिनिटों में अपने बैंक खाते में लोन का पैसा पा सकते हैं| इस सुविधा का नाम Digital Loan Against Mutual Funds (LAMF) है|

आज मैं इसी सुविधा पर चर्चा करूंगा| ध्यान दें दूसरे बैंक भी यह सुविधा प्रदान करते हैं पर मैं HDFC बैंक की लोन के बारे में चर्चा करूंगा|

म्यूच्यूअल फण्ड से लोन की सुविधा का लाभ ले सकता है? (Eligibility)

  1. आपका HDFC Bank के साथ बैंक अकाउंट होना चाहिए। ध्यान दें दूसरे बैंक भी आपके म्यूच्यूअल फण्ड निवेश कर लोन देते हैं| इस पोस्ट में मैं HDFC बैंक के लोन के बारे में बात कर रहा हूँ|
  2. नेट बैंकिंग के जरिए आप लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसलिए, सुनिश्चित परें की आपके पास नेट बैंकिंग का password हो|
  3. अब क्योंकि आप म्यूच्यूअल फण्ड को गिरवी रख कर लोन लेने की सोच रहे हैं, तो आपके पास म्यूचुअल फंड निवेश भी होना चाहिए ।
  4. आप केवल उन्ही म्यूच्यूअल फण्ड के खिलाफ लोन ले सकते हैं, जिनको CAMS सेवा प्रदान करता है| इस बारे में बाद में बात करेंगे|
  5. केवल व्यक्तिगत होल्डिंग (individual holding) वाले म्यूचुअल फंड निवेह्स के खिलाफ ही लोन मिलेगा| जो निवेश आपने संयुक्त मोड (joint holding mode) में किया है, उसके खिलाफ आपको लोन नहीं मिलेगा।

CAMS क्या है?

CAMS (Computer Age Management Services Private Limited) भारत में कई म्यूचुअल फंड हाउसेज (या AMCs) के लिए रजिस्ट्रार और ट्रांसफर एजेंट के रूप में काम करता है ।

CAMS  म्यूच्यूअल फण्ड कंपनियों को infrastructure सर्विसेज भी प्रदान करता है।

CAMS के बारे में अधिक जानकारी आप CAMS की वेबसाइट पर पा सकते हैं|

अहम् बात यह है की CAMS जिन म्यूच्यूअल फण्ड कंपनी को सेवा प्रदान करता है, उन म्यूच्यूअल फण्ड कंपनी के साथ आपके निवेश की पूरी जानकारी CAMS के पास रहती है| इसीलिए CAMS इस पूरी लोन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है|

लोन एप्लीकेशन की प्रक्रिया के समय CAMS चुने गए निवेश कर pledge बनाता है और उसी के आधार पर एचडीएफसी बैंक आपको लोन देता है|

ध्यान दें यह पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन भी हो सकती है परन्तु ऐसे में लोन मिलने में थोडा समय लगेगा|

किन म्यूच्यूअल फण्ड कंपनी को CAMS सेवा प्रदान करता है?

  1. Aditya Birla Sun Life Mutual Fund
  2. DSP Blackrock MF
  3. HDFC Mutual Fund
  4. HSBC Mutual Fund
  5. ICICI Prudential Mutual Fund
  6. IDFC Mutual Fund
  7. IIFL Mutual Fund
  8. Kotak Mutual Fund
  9. L&T Mutual Fund
  10. Mahindra Mutual Fund
  11. PPFAS Mutual Fund
  12. SBI Mutual Fund
  13. Shriram Mutual Fund
  14. TATA Mutual Fund
  15. Union Mutual Fund

जैसा की ऊपर बताया गया है, केवल इन्ही म्यूच्यूअल फण्ड कंपनी में आपके निवेश की खिलाफ  आप Digital Loan Against Mutual Funds ले सकते हैं|

जब आप आवेदन करेंगे, तो आपको अपने आप ही दिखा दिया जाएगा की आपके कौन से निवेश लोन सुविधा के पात्र हैं|

HDFC Digital LAMF लोन के लिए एप्लाई कैसे करें?

जैसा कि उल्लेख किया गया है, आपके पास एचडीएफसी बैंक खाता होना चाहिए और खाता के लिए नेट बैंकिंग सक्षम होनी चाहिए ।

  1. पहले HDFC बैंक की वेबसाइट पर नेट बैंकिंग में लॉग इन करें|
  2. लॉग इन करने के बाद आपको अपने CAMS खाते में लॉग इन करने की आवश्यकता होगी| अगर आपने CAMS वेबसाइट पर अपना खाता नहीं बनाया है, तो आप 5 मिनिट में आसानी से बना सकते हैं|
  3. उसके बाद आप अपने पोर्टफोलियो से म्यूच्यूअल फण्ड चुन सकते हैं, जिनकी विरुद्ध आप लोन लेना चाहते हैं|
  4. लोन सुविधा को सक्रिय करने के लिए आपको एक OTP भेजा जाएगा| OTP डाल कर आप लोन सुविधा पा सकते हैं|

एचडीएफसी बैंक के अनुसार आपको 3 मिनिट के भीतर लोन मिल जाएगा|

लोन आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जान्ने के लिए आप Youtube पर इस विडियो को भी देख सकते हैं|

 

इन बातों का रखें ख्याल

  1. आप इक्विटी और डेब्ट फंड (equity and debt funds) दोनों के खिलाफ लोन ले सकते हैं|
  2. आपके क्रेडिट स्कोर से कोई भी फर्क नहीं पड़ेगा| आपका क्रेडिट स्कोर बुरा हो या फिर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री ही न हो, तब भी आप यह लोन ले सकते हैं|
  3. यह सुविधा ओवरड्राफ्ट (overdraft facility) के रूप में दी जाती है| इसलिए आपने जितनी राशि ली है, केवल उतनी राशि पर ही ब्याज देना होगा| ओवरड्राफ्ट सुविधा में आप कितनी बार भी पैसा निकाल सकते हैं|
  4. मान लिए आपके पास 5 लाख की overdraft सुविधा है| आप एक बार 5 लाख रुपये निकालते हैं और कुछ समय बाद राशि का भुगतान कर देते हैं| भुगतान कर के बाद आप फिर 5 लाख रुपये तक निकाल सकते हैं|
  5. जब तक आप overdraft सुविधा को बंद नहीं कर देते, आप अपने म्यूच्यूअल फण्ड निवेश को बेच नहीं सकते|
  6. लोन का भुगतान न होने की स्तिथि में बैंक आपके निवेश को बेच भी सकता है|

मुझे कितना लोन मिल सकता है?

यह स्पष्टता से नहीं बताया गया है|

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार बैंक इक्विटी म्यूच्यूअल फण्ड के 50% से अधिक मूल्य का लोन नहीं दे सकते| डेब्ट म्यूच्यूअल फण्ड में कोई सीमा तय नहीं की गयी है|

तो अगर आपके इक्विटी म्यूच्यूअल फण्ड निवेश का मूल्य 1 लाख रुपये है, तो बैंक आपको 50,000 रुपये से अधिक का लोन नहीं दे सकता|

अगर आपके पास 1 लाख रुपये के डेब्ट म्यूच्यूअल फण्ड होते, तो आप अधिक लोन की अपेक्षा कर सकते थे|

ध्यान दें हर बैंक के नियम अलग हो सकते हैं|

एचडीएफसी बैंक म्यूच्यूअल फण्ड लोन (HDFC Digital LAMF) की ब्याज दर क्या है?

लोन की ब्याज दर बदलती रह सकती है|

अभी ब्याज दर 1 Year MCLR + 2.3% p.a. है|  लोन की ब्याज दर 11% के आस-पास होगी|

लोन लेने के बाद अगर मेरे निवेश का मूल्य गिर जाता है, तो क्या होगा?

ऐसी स्तिथि में आपकी overdraft से पैसा निकालने की क्षमता (drawing power) को कम कर दिया जाएगा|

मान लिए आपने 1 लाख रुपये के इक्विटी फण्ड को pledge करके 50,000 रुपये का लोन लिया था|

बाद में निवेश का मूल्य गिर कर 80,000 रुपये हो जाता है|

ऐसी स्तिथि में आपकी drawing पॉवर 50,000 रुपये से घटाकर 40,000 रुपये कर दी जायेगी| अगर आप पहले से ही 40,000 रुपये से ज्यादा पैसा निकाल चुके हैं, तो आपको अतिरिक्त राशि पर पेनल्टी देनी पड़ सकती है| या फिर आप जल्दी पैसा जमा करके अपनी बकाया राशि को 40,000 रुपये तक ला सकता हैं|

अधिक जानकारी के लिए आप एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट पर जा सकते हैं

आपको क्या करना चाहिए?

आपके म्यूच्यूअल फण्ड निवेश पर रिटर्न के गारंटी नहीं है| परन्तु लोन पर ब्याज दर तो देनी ही होगी| आपको 11-12% p.a. का ब्याज देना होगा| अगर आपका निवेश 11-12% से अधिक रिटर्न नहीं देता, तो लोन लेना बेवकूफी होगा|

डेब्ट म्यूच्यूअल फण्ड में तो इतना रिटर्न मिलना मुश्किल है| इक्विटी फण्ड में मिल तो सकता है पर कोई गारंटी नहीं है| इक्विटी फण्ड में तो आपको नुकसान भी हो सकता है|

इसीलिए मेरे अनुसार बेहतर होगा की आप अपने म्यूच्यूअल फण्ड की खिलाफ लोन लेने की बजाय अपने म्यूच्यूअल फण्ड निवेश को बेच दें| म्यूच्यूअल फण्ड बेचने पर जो पैसा मिले, उसे अपनी ज़रुरत के लिए इस्तेमाल करें|

ज़रुरत पड़ने पर मैं तो अपने म्यूच्यूअल फण्ड निवेश बेच दूंगा (इनके खिलाफ लोन नहीं लूँगा)|

आप क्या करेंगे?

Filed Under: Loans, Mutual Funds Tagged With: loan against mutual funds, loan against mutual funds in hindi, अर्जेंट लोन चाहिए, म्यूच्यूअल फण्ड से लोन

स्टैंड अप इंडिया लोन योजना (Stand Up India Scheme) के बारे में पूरी जानकारी

by दीपेश Leave a Comment

स्टैंड अप इंडिया स्कीम (Stand Up India Scheme) अगस्त 2015 में शुरू करी गयी थी|

इस लोन योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति /अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों (Scheduled Caste/Scheduled Tribe/women entrepreneurs) में उद्यमशीलता को बढ़ावा देना है। 

इस योजना के तहत  SC/ ST या महिला उद्यमियों द्वारा नए प्रोजेक्ट या परियोजनाओं  (greenfield project) के लिए  10 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक का लोन दिया जाता है।

आइए लोन योजना के बारे में विस्तार से जानते हैं|

स्टैंड-अप इंडिया स्कीम: पात्रता (Stand up India Loan in Hindi)

  • यह योजना केवल महिला उधारकर्ताओं या अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति उधारकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। Scheme only for woman entrepreneurs or SC/ST entrepreneurs
  • आपकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।
  • एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट (नए प्रोजेक्ट) को स्थापित करने के लिए Stand Up India Loan ले सकते हैं। किसी पुराने बिज़नस के लिए लोन नहीं ले सकते|
  • आपको प्रोजेक्ट/बिज़नस विनिर्माण (manufacturing), सेवाओं (service) या व्यापार (trade) क्षेत्र में होना चाहिए।
  • अगर आवेदक कोई कंपनी है, तो कम से कम 51% शेयरहोल्डिंग या नियंत्रण हिस्सेदारी SC/ ST या महिला की होनी चाहिए।
  • आपने किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान के साथ लोन पर डिफ़ॉल्ट न किया हो|

अगर आप और आपका प्रोजेक्ट यह सारी शर्तें पूरी करता है, तो आप स्टैंड अप इंडिया स्कीम के तहत लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं|

स्टैंड-अप इंडिया स्कीम में कितना लोन मिल सकता है?

आप 10 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक के लोन ले सकते हैं। 

आप टर्म लोन या कार्यशील पूँजी (working capital) लोन, दोनों तरह का लोन के सकते हैं|

अगर आपने दोनों लिए हैं, तब भी आपका कुल लोन 1 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं हो सकता|

ध्यान दें इस योजना के तहत आपको केवल प्रोजेक्ट की कुल लागत की 75% राशि तक का लोन ही मिल सकता है|

इसका मतलब, आपको अभी भी 25% राशि कहीं और से लानी होगी|

योजना के नियमों के अनुसार उधारकर्ता (borrower) के कम से कम 10% पैसे अपने ही लगाने होंगे| बची हुई राशि के लिए आप राज्य या केंद्रीय सरकार की योजना का लाभ उठा सकते हैं| मैं यहाँ कुछ सब्सिडी योजनायों की सूची दे रहा हूँ, जिनका आप लाभ उठा सकते हैं|

अगर आप working capital लोन (कार्यशील पूँजी) ले रहे हैं, तो इस बात का ख्याल रखें:

  1. 10 लाख रुपये तक का working capital लोन आप overdraft के रूपे में ले सकते हैं|
  2. अगर आपका working capital लोन 10 लाख रुपये से अधिक है, तो आपको केश क्रेडिट लिमिट (Cash Credit limit) के रूप में लेना होगा|

मुझे 10 लाख रुपये से कम के लोन की आवश्यकता है?

Stand Up India Scheme में आप 10 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का लोन ले सकते हैं| 10 लाख से कम राशि का लोन नहीं ले सकते|

परन्तु निराश होने की ज़रुरत नहीं है|

आप  मुद्रा लोन योजना के तहत लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं| प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना के तहत आप 10 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं| मुद्रा लोन योजना में इतनी शर्तें (conditions) भी नहीं हैं|

स्टैंड-अप इंडिया लोन इंटरेस्ट रेट कितना होता है? (Stand up India Scheme: Loan Interest Rate)

सरकार ने ब्याज दर तय नही करी है।

पर हाँ, बैंक को निर्देश दिए गए हैं की उधारकर्ता की श्रेणी की अनुसार कम से कम ब्याज दर पर लोन दिया जाए|

साथ ही लोन की ब्याज दर Base Rate/MCLR + Tenure Premium + 3% से अधिक नहीं हो सकती|

मेरे अनुसार किसी नए बिज़नस के लिए ब्याज की दर काफी अच्छी है।

स्टैंड अप इंडिया लोन की भुगतान अवधि क्या है? Stand up India Scheme: Loan Repayment Tenure)

अधिकतम लोन अवधि (loan tenure) 7 वर्ष है। बैंक आपको 18  महीने तक मूल  पुनर्भुगतान (principal repayment) पर ऋण-स्थगन (moratorium) दे सकता है।

स्टैंड अप इंडिया लोन में क्या सेकुरिटी देनी होती है? Stand up India Scheme: Security)

आप लोन से जो भी संपत्ति या सामान (assets) जैसे की मशीन इत्यादि खरीदेंगे, उस पर बैंक के चार्ज होगा|

टर्म लोन के मामले में fixed assets पर बैंक का चार्ज होगा|

Working capital loan के मामले में current assets (कच्चे माल, तैयार माल, प्राप्तियां आदि) पर बैंक का चार्ज होगा|

ध्यान दें बैंक आपसे अतिरिक्त security की मांग भी कर सकता है|

अगर कुछ सेकुरिटी नहीं दे सकते, तो बैंक Stand Up India लोन के लिए क्रेडिट गारंटी स्कीम के तहत शामिल होने को कह सकता है|

ध्यान दे ऐसी स्तिथि में आपको कुछ अतिरिक्त खर्चा उठाना पड़ सकता है|

स्टैंड अप इंडिया लोन के लिए एप्लाई कैसे करें?

आप स्टैंड अप इंडिया लोन के लिए कई तरीकों से आवेदन कर सकते हैं। सुनिश्चित करें कि आप योग्यता मानदंडों को पूरा करते हैं।

  1. बैंक की शाखयों में
  2. स्टैंड अप इंडिया पोर्टल के माध्यम से (https://www.standupmitra.in/ ), आप स्टैंड अप इंडिया लोन एप्लीकेशन फॉर्म ऑनलाइन वहार सकते हैं|
  3. अग्रिम जिला प्रबंधक (Lead District Manager, LDM) के माध्यम से

आवेदन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया मुद्रा लोन के आवेदन की तरह ही है| प्रक्रिया को अच्छे से समझने के लिए आप StandUpMitra  (स्टैंड अप इंडिया पोर्टल ) पर इस वीडियो को देख सकते हैं। 

अगर आपको फॉर्म भरते समय किसी सहायता (handholding) की आवश्यकता है, तो आपको वह सहायता भी आपको उपलब्ध कराई जायेगी|

मुद्रा लोन और Stand Up India लोन योजना में क्या अंतर है?

पात्रता (eligibility) में अंतर है| स्टैंड-अप इंडिया लोन योजना केवल महिलायों या SC/ST उद्यमियों के लिए है| आप किसी नए प्रोजेक्ट के लिए ही लोन ले सकते हैं|

मुद्रा लोन योजना में ऐसी कोई पाबंधी नहीं है|

साथ ही मुद्रा लोन योजना में आप 10 लाख रुपये तक का ही लोन ले सकते हैं|

Stand Up India Loan Scheme में आप 10 लाख से 1 करोड़ तक का लोन ले सकते हैं|

मेरे अनुसार मुद्रा लोन (स्टैंड-अप इंडिया स्कीम के मुकाबले) आसानी से मिल सकता है|

लोन मिलने में कितना समय लगता है?

3-6 सप्ताह में अन्दर आपके लोन पास हो जाना चाहिए| यह स्कीम के दिशानिर्देशों के अनुसार है| असलियत में हो सकता है की ज्यादा समय लगता हो|

अगर किसी कारण आपकी लोन एप्लीकेशन रिजेक्ट हो जाती है, तो बैंक में जा कर कारण का पता करें|

अतिरिक्त लिंक

मैंने इस पोस्ट में बहुत सीमित जानकारी दी है| अतिरिक्त जानकारी के लिए नीचे गए लिंक पर जाएँ या अपने बैंक में जा पर बात करें|

  1. स्टैंड अप इंडिया स्कीम के बारे में कुछ आम सवाल (Stand Up India Scheme FAQs)
  2. स्टैंड अप इंडिया स्कीम दिशानिर्देश (Stand Up India Scheme Guidelines)
  3. आईसीआईसीआई बैंक स्टैंड अप इंडिया लोन पेज (ICICI Bank Stand Up Scheme Page)

Filed Under: Loans Tagged With: स्टैंड अप इंडिया लोन, स्टैंड अप इंडिया लोन एप्लीकेशन फॉर्म, स्टैंड अप इंडिया लोन स्कीम, स्टैंड अप इंडिया स्कीम

किसान क्रेडिट कार्ड (Kisan Credit Card) क्या है और कैसे मिलता है?

by दीपेश 2 Comments

किसान क्रेडिट कार्ड क्या है? Kisan Credit Card (KCC) in Hindi

किसान क्रेडिट कार्ड स्कीम किसानों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए शुरू करी गयी थी|

इस कार्ड की सहायता से आप खेती से सम्बंधित खर्चे (जैसे की बीज, उपकरण, खाद इत्यादि) या अपने किसी और ज़रूरी कार्य के लिए खर्चा कर सकते हैं|

अपनी फसल बेचने के बाद आप लोन का भुगतान कर सकते हैं|

किसान क्रेडिट कार्ड किसको मिल सकता है? 

किसी भी किसान को मिल सकता है|

आपकी अपनी खेती की ज़मीन हो या आप किसी और के खेत पर काम करते हों या किसी और तरीके से कृषि उत्पादन से जुड़े हों, आपको किसान क्रेडिट कार्ड मिल सकता है|

किसान क्रेडिट कार्ड के क्या फायदे हैं?

  1. किसान क्रेडिट का इस्तेमाल आप किसी दुकान पर खरीददारी करने के लिए कर सकते हैं|
  2. आप आसानी से खाद, बीज, कीटनाशक इत्यादि खरीद सकते हैं|
  3. साथ ही आप कार्ड की सहायता से ATM से पैसा भी निकाल सकते हैं|
  4. आप अपनी ज़रुरत के अनुसार कितनी बार भी पैसा निकाल सकते हैं| मान लिए आपके कार्ड की लिमिट 2 लाख रुपये है| आप दो बार 50-50 हज़ार रुपये का खर्चा अपने कार्ड पर किया| उसके बाद आपने पूरे पैसे का भुगतान कुछ दिनों बाद कर दिया| इसके बाद आप फिर से 2 लाख रुपये तक अपने कार्ड पर खर्च कर सकते हैं| और ऐसा आप कितनी बार भी कर सकते हैं|
  5. आप अपनी फसल के पैदवार के लिए खर्चा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का इस्तेमाल कर सकते हैं| फसल बेचने के बाद लोन या बकाया राशि का भुगतान कर सकते हैं|
  6. आपको हर वर्ष लोन के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है|
  7. आपको शायद फसल बीमा (crop insurance) भी साथ ही मिल जाए|

किसान क्रेडिट कार्ड कहाँ और कैसे मिलता है?

आप किसान क्रेडिट कार्ड के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (Regional Rural Banks), कोपरेटिव बैंक (Co-operative Banks), सरकारी बैंक (Public sector banks) या कुछ प्राइवेट बैंक (select Private sector banks) में भी आवेदन कर सकते हैं

किसान क्रेडिट कार्ड के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता है?

  1. पहचान प्रमाण पत्र (Identity Proof) आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, PAN कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि
  2. पते का प्रमाण (Address Proof)
  3. आपकी फोटो
  4. भरा हुआ आवेदन पत्र
  5. अगर आपकी लोन राशि (किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट) ज्यादा है, तो हो सकता है आपको अपनी ज़मीन बैंक के पास गिरवी (mortgage) रखनी पड़े| हो सकता है आपको अपनी फसल को भी hypothecate करना पड़े|

ध्यान दें किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में हर बैंक के नियम और दस्तावेज कुछ अलग हो सकते हैं| पूरी जानकारी के लिए अपनी निकटतम बैंक शाखा में जा कर पता करें|

किसान क्रेडिट कार्ड पर खर्चे/लोन का भुगतान कैसे करते हैं?

मैं स्टेट बैंक किसान क्रेडिट कार्ड के नियम के बारे में बताऊँगा| दूसरे बैंक के KCC के नियम अलग हो सकते हैं|

खरीफ़ (Kharif) (1 अप्रैल से 30 सितम्बर): आपको लिए गए पैसे का भुगतान 31 जनवरी तक करना होगा|

राबी (1 अक्तूबर से 31 मार्च): भुगतान 31 जुलाई तक करना होगा|

अगर खरीफ और राबी दोनों हैं, तो भुगतान 31 जुलाई तक करना होगा|

लॉन्ग टर्म क्रॉप: लोन लेने के 12 महीने के भीतर भुगतान करना होगा|

भुगतान कर के लिए आप अपने क्रेडिट कार्ड खाते में पैसा जमा करा सकते हैं|

किसान क्रेडिट कार्ड पर कितना लोन मिल सकता है? कितना खर्चा कर सकते हैं?

आपकी क्रेडिट लिमिट (लोन) आपकी ज़मीन की आकार, ज़मीन की कीमत और प्रस्तावित फसल/पैदावार पर निर्भर करती है|

आप समझ सकते हैं की लोन राशि आपकी ज़रुरत के हिसाब से ही मंजूर की जाती है| अगर आपके पास खेती की कम ज़मीन है, तो आपको लोन भी कम मिलेगा|

एक बात और, आपकी क्रेडिट लिमिट हर वर्ष बढ़ सकती है| जैसे की SBI किसान क्रेडिट कार्ड और आईसीआईसीआई किसान क्रेडिट कार्ड में आपकी क्रेडिट लिमिट (लोन) हर वर्ष 10% बढती है|

तो अगर आपने 1 लाख रुपये की लिमिट से शुरुआत करी थी, तो 5 साल में आपकी लिमिट बढ़कर 1.5 रुपये हो जायेगी|

आप विभिन्न बैंक की वेबसाइट पर किसान क्रेडिट कार्ड कैलकुलेटर का उपयोग करके अपनी लोन की पात्रता चेक कर सकते हैं| एक लिंक मैंने नीचे दिया हैं|

आईसीआईसीआई बैंक किसान क्रेडिट कार्ड कैलकुलेटर (KCC calculator)

आप बैंक जा कर भी अपनी पात्रता के बारे में जानकारी ले सकते हैं|

किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दर क्या होती है?

हर बैंक की ब्याज दर अलग होती है|

आप एक्सिस बैंक के किसान क्रेडिट कार्ड की ब्याज दर इस लिंक पर चेक कर सकते हैं|

आईसीआईसीआई बैंक की ब्याज दर जानने के लिए आप इस लिंक पर जा सकते हैं|

साथ ही अगर सरकार की कोई इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम चल रही है, तो आपको उस स्कीम का फायदा भी मिल सकता है|

किसान क्रेडिट कार्ड के लिए कुछ गिरवी (security) रखना होता है?

हर बैंक के नियम अलग हो सकते हैं|

कम राशि के लोन के लिए शायद आपको कुछ भी सेकुरिटी देने की ज़रुरत नहीं है|

अधिक राशि के लिए बैंक आपसे सेकुरिटी की मांग कर सकता है|

जैसे की स्टेट बैंक 3 लाख तक के लोन के लिए कोई सेकुरिटी नहीं मांगता| 3 लाख से ऊपर के लोन पर आपको कुछ गिरवी रखना होगा|

स्टेट बैंक किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी के लिए इस पोस्ट को पढ़ें|

ध्यान दें: मुझे खेती के बारे में बहुत कम जानकारी है| इसीलिए मेरे लिए किसान क्रेडिट कार्ड के विषय पर चर्चा करना थोड़ा मुश्किल है| आप बैंक जा कर पूरी जानकारी लें और उसी के बाद निर्णय लें|

Filed Under: Loans Tagged With: kcc, Kisan Credit Card Scheme, किसान क्रेडिट कार्ड फॉर्म, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, किसान क्रेडिट कार्ड स्कीम

खेती के ज़मीन पर लोन कैसे लें? (Loan Against Agricultural Land in Hindi)

Last updated: मई 28, 2018 | by दीपेश 11 Comments

मैंने एक पुरानी पोस्ट में चर्चा करी थी की आप कैसे अपनी प्रॉपर्टी पर प्रॉपर्टी लोन ले सकते हैं| उस पोस्ट में मैंने इस बात को ध्यान में रखते हुए लिखा था की आप मकान पर कैसे और कितना लोन ले सकते हैं|

उस पोस्ट पर कई लोगों में सवाल पूछा की क्या ऐसा लोन खेती की ज़मीन (Agricultural land) पर भी लिया जा सकता है| मकान पर लोन लेना आसान होता है परन्तु ऐसा नहीं है की आप खेती की ज़मीन पर लोन नहीं ले सकते|

आज मैं Loan against Agricultural Land (Agriculture loan या खेती की ज़मीन पर लोन) पर चर्चा करूंगा|

किसानों के लिए कई प्रकार के कृषि लोन होते हैं| कई प्रकार के लोन में ब्याज दर भी बहुत कम होती है| परन्तु मैंने इस पोस्ट में केवल खेती की ज़मीन पर लोन पर चर्चा करी है|

खेती की ज़मीन पर लोन (कृषि लोन) क्या होता है? (Loan Against Agricultural Land in Hindi)

आप अपनी खेती के ज़मीन को गिरवी रख कर भी बैंक से लोन ले सकते हैं| आप इसी पैसे का इस्तेमाल खेती या उससे सम्बंधित कार्यो के लिए कर सकते हैं|

इस बात का सबसे बड़ा फायदा यह है की आप बहुत ऊंची ब्याज दर पर लोन लेने से बच जाते हैं|

Agriculture लोन की पात्रता क्या है?

हर बैंक के नियम अलग हैं|

  1. अमूमन 24 से 65 वर्ष की आयु के लोगों को यह लोन मिल सकता है|
  2. आपके पास गिरवी रखने के लिए खेती की ज़मीन होनी चाहिए|
  3. ऐसा हो सकता है ली आपको यह लोन खेती या खेती से सम्बंधित कामों के लिए ही मिले| ऐसी स्तिथि में आप किसी बिज़नस के लिए लोन की राशि का इस्तेमाल नहीं कर सकते|
  4. अगर ज़मीन एक से ज्यादा व्यक्ति के नाम पर है, तो सभी लोगों को मिलकर लोन के लिए आवेदन करना होगा|
  5. आपके इनकम टैक्स रिटर्न (Income Tax Return) के जानकारी नहीं देनी होगी|

आपको कितना लोन मिल सकता है?

बहुत से बातों पर यह राशि निर्भर करती है|

बैंक लोन देने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहेगा की आप लोन का भुगतान कर सकते हैं|

आपके ज़मीन के कीमित पर भी ध्यान में रखा जाएगा|

लोन पर ब्याज दर कितनी होती है? लोन की अवधि कितनी होती है?

अलग बैंक, अलग नियम|

आपको 20 वर्ष तक की अवधि के लिए खेती के ज़मीन पर लोन मिल सकता है|

हर बैंक की ब्याज दर अलग होती है| आप बैंक में जा कर ही पता करें|

स्टेट बैंक की वेबसाइट पर जा कर किसानों के लिए SBI लोन सुविधा के बारें में जानकारी लें|

ICICI बैंक के वेबसाइट पर भी खेती की ज़मीन पर लोन (कृषि लोन) के बारे में जानकारी पा सकते हैं|

खेती की ज़मीन पर लोन (कृषि लोन) के लिए आवेदन कैसे करें?

आपको बैंक में जा कर आवेदन करना होगा|

आपको आवेदन करते समय कुछ डाक्यूमेंट्स/दस्तावेजों का इंतजाम भी करना होगा|

  1. आपके पहचान पत्र (Identity Proof)
  2. आपके पते का प्रमाण (Address proof) आधार कार्ड से आपका काम हो जाएगा|
  3. आपकी ज़मीन के कागज़ात, आपके ज़मीन के कागज़ सही होने चाहियें|
  4. आवेदन पत्र (application form) भर कर देना होगा

इन बातों पर भी ध्यान दें

  1. ऐसा हो सकता है की आपको लोन केवल खेती करने के लिए या खेती से जुड़े हुए कामों के लिए ही मिले| जैसे की खाद या बीज खरीदने के लिए, पशु/मवेशी खरीदने के लिए, ट्रेक्टर, पंप इत्यादि खरीदने के लिए|
  2. ऐसी स्तिथि में आप किसी दूसरे बिज़नस इत्यादि के लिए इस लोन का उपयोग नहीं कर सकते|
  3. हर बैंक के नियम काफी अलग हैं| बेहतर होगा की आप बैंक की निकटतम शाखा में जा कर भी जानकारी लें|
  4. इस लोन के भुगतान पर आपको कोई टैक्स बेनिफिट नहीं मिलेगा|

Filed Under: Loans Tagged With: कृषि लोन, खेती की ज़मीन पर लोन, खेती पर लोन, ज़मीन पर लोन sbi

SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन: पूरी जानकारी

Last updated: अक्टूबर 17, 2018 | by दीपेश Leave a Comment

आईये चर्चा करते हैं एक भारतीय स्टेट बैंक पर्सनल लोन स्कीम: SBI Express Credit Personal Loan Scheme के बारे में|

भारतीय स्टेट बैंक पर्सनल लोन : मुख्य बातें (SBI Express Credit Personal Loan Scheme)

  1. टर्म लोन (Term Loan) और ओवरड्राफ्ट (Overdraft): दोनों सुविधायें ले सकते हैं|
  2. न्यूनतम लोन राशि (Minimum Loan Amount): टर्म लोन: 25,000 रुपये, ओवरड्राफ्ट (5 लाख रुपये)
  3. अधिकतम लोन राशि (Maximum Loan Amount): आपकी मासिक आय (Net Monthly Income or NMI) का 24 गुना (24 X Net Monthly Income), किसी भी सूरत में 15 लाख रुपये से अधिक का लोन नहीं मिलेगा| स्कूल शिक्षकों के लिए अधिकतम लोन राशि 12 महीनों के वेतन तक सीमित है|
  4. लोन अवधि (Loan Tenure): अधिकतम 60 महीने
  5. लोन के लिए न्यूनतम मासिक आय (Minimum Net Monthly Income or NMI): 5,000 रुपये
  6. 1% processing फीस
  7. समय से पहले लोन के भुगतान पर 3% (भुगतान राशि के 3%) की पेनल्टी लगेगी|
  8. कोई सेकुरिटी (security) या गारंटी की आवश्यकता नहीं है|
  9. आपकी EMI आपके मासिक आय के 50% से अधिक नहीं हो सकती| यह इस बात पर असर डालेगा की आप कितना लोन ले सकते हैं|

अगर आप overdraft सेवा ले रहे हैं, तो आपकी ड्राइंग पावर (Drawing Power or DP) इस तरह कम होती जायेगी जिससे की 60 महीने के वह शून्य हो जाए|

कौन ले सकता है SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन? (SBI Express Credit Personal Loan Scheme: Eligibility Criteria)

स्टेट बैंक की वेबसाइट के अनुसार वह लोग ले सकते हैं जिनका SBI का साथ सैलरी अकाउंट है| साथ ही अगर आप निम्न में से एक संस्थान में काम करते हैं|

  1. केंद्रीय / राज्य सरकार (Central /State Government)
  2. केंद्रीय या राजकीय पब्लिक सेक्टर यूनिट (Central PSUs and Profit making State PSUs
  3. प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान (Educational Institute of National Repute)
  4. आपकी कंपनी के स्टेट बैंक के साथ व्यापार संबंध है
  5. कुछ नियमों और शर्तों के अधीन बैंक दूसरी कंपनी के कर्मचारियों पर भी विचार कर सकते हैं|

जैसा की मैं समझता हूँ, यह लोन पाने के लिए आपको सैलरी मिलनी चाहिए और आप कुछ चुनिन्दा संस्थानों में काम करते हों|

SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन के तहत आप दूसरा लोन भी ले सकते हैं

अगर आपका पहला लोन चल रहा है, तब भी आप इसी लोन स्कीम के तहत दूसरा लोन ले सकते हैं|

बस कुछ शर्तें हैं|

  1. पहला लोन लिए कम से कम एक वर्ष हो चूका है|
  2. आप पहले लोन का नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं।
  3. दोनों लोन की EMI कुल मिला कर आपकी मासिक आय के 50% से अधिक नहीं हो सकती|

एक समय में दो से अधिक SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन नहीं ले सकते|

एक दिलचस्प बात|

मैंने ऊपर लिखा था की समयपूर्व भुगतान करने पर 3% पेनल्टी है| परन्तु अगर आप दूसरा SBI पर्सनल लोन लेते हैं और उस राशि से पहले लोन का समयपूर्व भुगतान करते हैं, तब कोई प्रीपेमेंट पेनल्टी नहीं देनी होगी|

इस बात का आप लाभ भी उठा सकते हैं| मान लिए आपने पहला लोन 12% p.a. पर लिया था| कुछ समय बाद ब्याज दर 10% हो जाती है} परन्तु आपके लोन की 12% ही है| ऐसी स्तिथि में आप दूसरा लोन लेकर पहले लोन का भुगतान कर सकते हैं| आपको कोई पेनल्टी भी नहीं देनी होगी|

साथ ही आप 5 वर्ष तक की अवधि का दूसरा लोन लेकर (और पहले लोन का भुगतान करके) अपनी EMI भी कम कर सकते है|

परन्तु ध्यान दें आपको लोन लेने पर 1% processing फीस भी देनी होगी| कुछ अन्य शुल्क भी हो सकते हैं|

यह अच्छा है कि आपके पास इस तरह की लचीलापन है।

SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन: आपका क्रेडिट स्कोर आपकी ब्याज दर पर असर डालेगा

स्टेट बैंक पर्सनल लोन की ब्याज दर आपके क्रेडिट स्कोर पर भी निभर करती है|

जितना ज्यादा (अच्छा) क्रेडिट स्कोर होगा, आपको उतनी ही कम ब्याज दर देनी होगी|

बेहतर होगा की आप लोन के लिए आवेदन करन से पहले अपने क्रेडिट स्कोर की जांच करें। अब आप अपना क्रेडिट स्कोर मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं|

अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है, तो क्रेडिट स्कोर सुधारने के इन तरीकों को जानें|

लोन के लिए ब्याज दर इस पर निर्भर करेगी:

  1. आपका क्रेडिट स्कोर
  2. लोन का प्रकार (टर्म लोन या ओवरड्राफ्ट)। ओवरड्राफ्ट के लिए ब्याज दर अधिक है|
  3. आप कहाँ काम करते हैं

नीचे में SBI वेबसाइट से सैलरी खाता धारकों की ब्याज दर दिखा रहा हूँ| ध्यान दें ब्याज दर बदलती रहती है|

सबी एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन

आप SBI पर्सनल लोन की लेटेस्ट ब्याज दर जानने के लिए इस लिंक पर जा सकते हैं|

अपनी EMI कैलकुलेट करने के लिए आप SBI पर्सनल लोन कैलकुलेटर का उपयोग कर सकते हैं|

या फिर आप नीच दिए हुए कैलकुलेटर का इस्तेमाल कर सकते हैं|

emicalculator.net

 

भारतीय स्टेट बैंक पर्सनल लोन के लिए आवेदन कैसे करें? स्टेट बैंक पर्सनल लोन कैसे लें? क्या डॉक्यूमेंट चाहिए?

पर्सनल लोन लेने के लिए अप बैंक की ब्रांच में जा सकते हैं| या फिर आप ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं|

लोन लेने के लिए आपको आपको पहचान और पते का प्रमाण (identity and address proof) और साथ की अपनी आय का प्रमाण (income proof) देना होगा| इनकम प्रूफ में आप अपनी सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट या फॉर्म 16 दे सकते हैं| इसके अतिरिक्त भी ज़रुरत पड़ने पर बैंक अतिरिक्त डॉक्यूमेंट मांग सकता है|

मेरे अनुसार SBI एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन स्कीम कोई स्पेशल लोन स्कीम नहीं है| अगर आपको पर्सनल लोन की ज़रुरत है, तो दूसरे बैंक के लोन की  ब्याज दर और शुल्क के बारे में पता करें और उसके बाद फैसला करें|

इस लोन स्कीम के बारे में अधिक जानकारी के लिए स्टेट बैंक पर्सनल लोन की वेबसाइट पर जाएँ|

पढ़ें: जानिये कैसे होती है आपके लोन की EMI कैलकुलेट

Filed Under: Loans Tagged With: sbi personal loan, sbi एक्सप्रेस क्रेडिट लोन, पर्सनल लोन, भारतीय स्टेट बैंक पर्सनल लोन, सबी पर्सनल लोन, सबी पर्सनल लोन कैलकुलेटर, स्टेट बैंक पर्सनल लोन

  • « Go to Previous Page
  • Page 1
  • Interim pages omitted …
  • Page 3
  • Page 4
  • Page 5
  • Page 6
  • Page 7
  • Interim pages omitted …
  • Page 10
  • Go to Next Page »

Primary Sidebar

HindiFinance

Subscribe on Youtube




Join our Newsletter
Enter your email address and click on the Get Instant Access button.
Thank you for subscribing.
Something went wrong.
I agree to have my personal information transfered to MailChimp ( more information )
We respect your privacy

For any guest posts or advertising queries, please write to us at hindifinance@gmail.com

Popular Posts

  • अटल पेंशन योजना की पूरी जानकारी (Atal Pension Yojana in Hindi) (2022)
  • सुकन्या समृद्धि योजना की पूरी जानकारी (Sukanya Samriddhi Yojana 2019)
  • नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) के बारें में पूरी जानकारी (Complete Information about NPS in Hindi)
  • PPF खाते के बारे में पूरी जानकारी (Complete Information about PPF Account in Hindi)
  • कौन से हैं 5 सबसे अच्छे टर्म इंश्योरेंस प्लान (Best Term Life Insurance Plan)?

(c) Copyright 2026 www.HindiFinance.com | Privacy Policy